बिलासपुर
ब्यूरो
बिलासपुर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज 21 जनवरी को बिलासपुर जिले के तखतपुर क्षेत्र में पद यात्रा करेंगे।वे मनरेगा में किए गए संशोधन के विरोध में लोगो को जागरूक करने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ आमजनता से मुलाकात करेंगे और योजना में परिवर्तन से होने वाले दुष्प्रभाव को समझाएंगे।

केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा में संशोधन के प्रावधानों के विरोध में कांग्रेस लगातार विरोध प्रदर्शन कर रही है।इसी कड़ी में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज तखतपुर क्षेत्र में पैदल यात्रा करेंगे।दीपक बैज 21 जनवरी को दोपहर एक बजे ग्राम जोरापारा से कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ पैदल यात्रा प्रारंभ करेंगे और मोछ,खैरी होते हुए गिरधौना तक कुल 5 किलोमीटर की पदयात्रा करेंगे।इस दौरान वे लोगों को मनरेगा अधिनियम में किए जा रहे संशोधन के विषय में लोगों को जागरूक करेंगे और उससे होने वाले नुकसान के विषय बताएंगे।

बता दें कि केंद्र सरकार द्वारा शीतकालीन सत्र में मनरेगा संशोधन विधेयक पास किया गया है।इस संशोधन से मनरेगा का नाम बदल कर विकसित भारत जीरामजी किया गया है।साथ ही मजदूरों के भुगतान का अनुपात 90:10 के स्थान पर केंद्र और राज्य सरकार की सहभागिता 60:40 कर दिया गया है।नए प्रावधानों के तहत मजदूरों को रोजगार दिवस 125 दिवस कर दिया गया है।कांग्रेस प्रमुख रूप से मनरेगा योजना से महात्मा गांधी के नाम हटाए जाने और केंद्र और राज्य की सहभागिता में परिवर्तन का विरोध कर रही है।साथ ही मजदूरों को 150 दिवस रोजगार दिए जाने की मांग कर रही है।इन्हीं सब विषयों को लेकर तखतपुर क्षेत्र में कांग्रेस पदयात्रा कर रही है जिसका नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष बैज करेंगे।उनके साथ प्रदेश सचिव आत्मजीत सिंह मक्कड़,ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अभ्युदय तिवारी,अमित साहू सहित जिला स्तर के सभी बड़े कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।यह जानकारी प्रदेश सचिव आत्मजीत सिंह ने दी है।
