बिलासपुर
राकेश मिश्रा
बिलासपुर जिले के तखतपुर में राइस मिल में अकाउंटेंट का काम करने वाली लड़की के साथ छेड़छाड़ और शादी के लिए दबाव बनाने का मामला सामने आया है।मामले में भाजपा नेता के लड़के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है।वहीं प्राथमिकी दर्ज होने की सूचना मिलते ही नेता पुत्र फरार हो गया है।पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

तखतपुर के भाजपा मंडल के पूर्व अध्यक्ष त्रेतनाथ पांडेय के पुत्र ज्ञानदीप पाण्डेय के विरुद्ध राइस मिल में अकाउंटेंट का काम करने वाली युवती ने थाने में छेड़छाड़ करने ,डराने धमकाने और शादी के लिए दबाव बनाने का मामला दर्ज कराया गया है।पीड़िता ने अपने आवेदन में बताया है कि वह लंबे समय से आरोपी ज्ञानदीप पाण्डेय की राइस मिल में एकाउंटेंट का काम कर रही थी। इस दौरान मिल संचालक ज्ञानदीप पाण्डेय द्वारा उसके साथ लगातार छेड़छाड़ की जाती रहीं। जब युवती लगातार छेड़छाड़ से मानसिक रूप से परेशान और असुरक्षित महसूस करने लगी तब राइस मिल में काम करना ही बंद कर दिया।लेकिन राइस मिल का काम छोड़ने के बाद भी आरोपी ज्ञानदीप पाण्डेय उसका पीछा नहीं छोड़ा और युवती के घर जाकर उसे तंग करता रहा । शिकायत के अनुसार, युवती के काम छोड़ने के बाद ज्ञानदीप पांडेय कई बार युवती के घर पहुंचा और उससे जबरन शादी करने का दबाव बनाने लगा। पीड़िता और उसके परिजनों द्वारा मना करने के बावजूद आरोपी लगातार घर आकर धमकाने लगा। स्थिति तब और गंभीर हो गई जब आरोपी अपने साथियों को लेकर पीड़िता के घर पहुंचा और परिजनों को धमकियां देकर डराने-धमकाने की कोशिश की।परिजनों ने बताया कि आरोपी की दबंगई और लगातार धमकियों की वजह से युवती और उसके परिजन भयभीत थे।
आरोपी की धमकियों से तंग आकर पीड़िता और उसके परिजन तखतपुर थाने पहुंचे और आरोपी ज्ञानदीप के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए मामला दर्ज कर दिया।पुलिस ने शिकायत की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए राइस मिल संचालक ज्ञानदीप पांडेय पर छेड़छाड़, डराने-धमकाने, दबाव बनाने और महिलाओं की गरिमा भंग करने संबंधी धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।एफआईआर की जानकारी मिलते ही आरोपी ज्ञानदीप पांडेय घर से फरार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश में अलग-अलग संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने पीड़िता और परिवार को सुरक्षा का आश्वासन दिया है।