डेस्क खबर
सोशल मीडिया पर दोस्ती के नाम पर ब्लैकमेलिंग और साइबर अपराध का एक नया मामला तखतपुर थाना क्षेत्र से सामने आया है। इंस्टाग्राम पर शुरू हुई एक दोस्ती ने तब गंभीर रूप ले लिया जब युवक ने युवती का न्यूड फोटो और वीडियो रिकॉर्ड कर उसे शादी के लिए ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। युवती द्वारा इनकार करने पर आरोपी ने आपत्तिजनक सामग्री सोशल मीडिया पर वायरल कर दी।

मिली जानकारी के अनुसार, तखतपुर क्षेत्र की एक युवती की इंस्टाग्राम के माध्यम से बलौदाबाजार जिले के रहने वाले एक युवक से दोस्ती हुई थी। दोनों के बीच बातचीत और वीडियो कॉल के दौरान आरोपी युवक ने चालाकी से युवती का अश्लील वीडियो और फोटो रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद आरोपी युवक युवती पर शादी करने का दबाव बनाने लगा। जब पीड़िता ने शादी से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपी ने उसके फोटो व वीडियो को इंस्टाग्राम पर वायरल कर दिया।पीड़िता की शिकायत पर तखतपुर थाना पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।
तखतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अवनीश कुमार पासवान ने मामले की जानकारी देते हुए बताया:”आरोपी युवक और पीड़िता की इंस्टाग्राम के माध्यम से दोस्ती हुई थी। वीडियो कॉल के दौरान आरोपी ने पीड़िता का न्यूड फोटो-वीडियो रिकॉर्ड कर लिया था। शादी की बात को लेकर विवाद होने पर आरोपी ने इसे इंस्टाग्राम पर वायरल कर दिया। पतासाजी के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बलौदाबाजार निवासी आरोपी युवक कर्नाटक के बेंगलुरु में छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने बेंगलुरु पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार किया और उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।”