बिलासपुर
डेस्क खबर
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां सीपत थाना क्षेत्र के देवरी गांव स्थित श्मशान घाट में कुछ युवक तांत्रिक क्रिया कर रहे थे। खास बात यह है कि तंत्र-मंत्र के इस अनुष्ठान में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और दो अन्य लोगों की तस्वीरें रखी गई थीं। ग्रामीणों की सतर्कता से एक युवक पकड़ा गया, जिसे पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

श्मशान में संदिग्ध हरकत देख ग्रामीणों ने घेरा
जानकारी के मुताबिक, देवरी गांव के ग्रामीणों ने देर रात श्मशान घाट में कुछ संदिग्ध लोगों की आवाजाही देखी। किसी अनहोनी की आशंका में गांव वाले एकजुट होकर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को अपनी ओर आता देख तंत्र-मंत्र कर रहे युवक भागने लगे, लेकिन ग्रामीणों ने दौड़कर एक युवक को दबोच लिया।घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब श्मशान घाट का जायजा लिया, तो वहां पूजा-पाठ और तांत्रिक साधना की सामग्रियां बिखरी हुई थीं। साथ ही छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश (चीफ जस्टिस) रमेश सिन्हा और दो अन्य युवकों की फोटो रखी हुई मिली। चीफ जस्टिस की फोटो देखकर पुलिस अधिकारियों के भी होश उड़ गए।

भाई की जमानत कराने चल रहा था तांत्रिक का पैंतरा
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में चौकाने वाला खुलासा हुआ है। पकड़े गए युवक का नाम ऋषिकेश कुमार है। ऋषिकेश ने बताया कि उसका भाई ‘प्रियांशु बोले’ चाकूबाजी के एक मामले में जेल में बंद है और उसकी जमानत याचिका फिलहाल हाईकोर्ट में लंबित है।ऋषिकेश को सोशल मीडिया (यूट्यूब/फेसबुक) के जरिए एक तांत्रिक के बारे में जानकारी मिली थी। तांत्रिक ने दावा किया था कि अगर मुख्य न्यायाधीश की तस्वीर रखकर श्मशान घाट में विशेष तांत्रिक क्रिया की जाए, तो उसके भाई को जमानत मिल जाएगी। इसी झांसे में आकर ऋषिकेश अपने साथियों के साथ श्मशान पहुंचा था।
जांच में जुटी पुलिस
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सीपत थाना पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अब तांत्रिक का पता लगाने और इस पूरी साजिश के पीछे के अन्य लोगों की पहचान करने में जुट गई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।