बिलासपुर
राकेश मिश्रा
मुंगेली जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र के बरेला के बैंक से अपहरण कर युवक की हत्या करने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को हिरासत में लेकर जेल दाखिल कर दिया है।जमीन विवाद के चलते आरोपियों ने युवक का अपहरण कर हत्या की साजिश रचकर अपहरण किया था।वही इस मामले में जरहागांव थाना पुलिस की लापरवाही भी सामने आई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बरेला निवासी राजकुमार धुरी पिता बेनी धुरी को शुक्रवार को पीएनबी बैंक से कुछ गुंडे उठाकर अपहरण कर लिया था।लगभग तीन चार घंटे बाद अधमरी हालत में राजकुमार को उसके घर के सामने फेंक कर चले गए थे।घायल राजकुमार को जब सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया ।इसके बाद परिजनों ने थाना तखतपुर में मामला दर्ज कराया ।तखतपुर पुलिस ने शून्य मामला दर्ज कर जरहागांव थाना को मामला प्रेषित कर दिया था।जरहागांव पुलिस ने बैंक से सीसीटीवी फुटेज निकलवाकर आरोपियों की पहचान की साथ ही परिजनों से भी संदेहियों के विषय में पता किया।परिजनों के बताए अनुसार छानबीन करते हुए जरहागाँव थाना ने 5 आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।कुछ लोग फरार है जिनकी तलाश की जा रही है।
जमीन विवाद में किया गया था अपहरण और हत्या
बरेला में हुए अपहरण और हत्या के पीछे की वजह पुराना जमीन विवाद बताया जा रहा है।प्राप्त जानकारी के अनुसार बेनी राम धुरी के मकान को बेचने के लिए संतोष साहू बेनीराम और उसके परिवार के ऊपर लगातार दबाव बना रहा था।लेकिन बेनीराम अपनी जमीन और मकान नहीं बेचना चाह रहा था।इसके चलते संतोष साहू बेनीराम के परिवार से रंजिश रखता था।जमीन विवाद के चलते बेनीराम और संतोष साहू के परिवार के बीच आए दिन विवाद होता रहता था।घटना से दो दिन पूर्व ही आरोपियों द्वारा बेनीराम और उसके परिवार को जमीन नही बेचे जाने की बात को लेकर जन से मार देने की धमकी दी थी।शुक्रवार को बेनीराम का बेटा 21 वर्षीय राजकुमार धुरी बैंक के काम से बरेला आया था,जहां से उसे कार क्रमांक एचपी 38 एफ 2528 द्वारा अपहृत कर किसी सुनसान जगह में लेजाकर निर्दयता से पिटाई करने के बाद उसके घर के सामने अधमरी हालत में फेंक गए थे,जिसके बाद पिटाई के चलते उसकी मृत्यु होना पाया गया ।पुलिस ने दो दिन की मशक्कत के बाद संतोष कुमार साहू पिता लतेल राम साहू उम्र 56 वर्ष ग्राम बरेला थाना जरहागांव ,पोमेश पिता जितेन्द्र साहू उम्र 27 वर्ष निवासी हथनीपारा भाठापारा बलौदाबाजार ,सोनु राम साहू पिता कोदुराम साहू उम्र 45 वर्ष ग्राम घोघरा नवागढ़ जिला बेमेतरा हाल मुकाम मुंगेली ,उत्तम साहू पिता प्रकाश उम्र 28 वर्ष निवासी श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड भाठापारा जिला बलौदा बाजार ।समीर कोशले पिता रमेश उम्र 19 वर्ष निवासी बरेला थाना जरहागांव को हिरासत मे लिया गया है।आरोपियों ने पूछ में पुराने विवाद के चलते अपहरण और हत्या करना स्वीकार कर लिया है।
पुलिस की तत्परता से बच सकती थी जान
बरेला के इस अपहरण और हत्या के मामले में जरहागांव पुलिस की लापरवाही भी सामने आई है।जब अपहरण की जानकारी राजकुमार के पिता बेनी राम को हुई तो वह दौड़ा दौड़ा जरहागांव थाने गया।लेकिन वहां पर उपस्थित हवलदार ने उसे यह कहकर उलटे पांव लौटा दिया कि तुम्हे ठीक से कोई जानकारी नहीं है।यदि पुलिस बेनी राम की फरियाद को गंभीरता से लेकर त्वरित कार्यवाही करते हुए खोजबीन करती तो राजकुमार की जान बच सकती थी।लेकिन थाने में सहयोग के चलते बेनीराम असहाय हो गया और आरोपी इत्मीनान से राजकुमार के साथ मारपीट कर उसके घर के आगे अधमरी हालत में डाल कर चले गए थे।