बरेला में युवक का अपहरण कर मारपीट से हुई मौत,परिजनों ने पांच युवकों पर जताई है आशंका।

बिलासपुर

राकेश मिश्रा

मुंगेली जिले के जरहागांव थाना अंतर्गत नगर पंचायत बरेला में एक युवक की अपहरण के बाद हत्या का मामला सामने आया है।दोपहर में युवक का अपहरण कर उसके साथ बेरहमी से मारपीट किया गया और शाम साढ़े पांच बजे के आसपास उसके घर के सामने अधमरी अवस्था में फेंककर भाग गए थे।जिसे उसके परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लेकर गए ,जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।तखतपुर पुलिस ने शून्य में मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक राजकुमार धुरी पिता बेनी राम उम्र 21 वर्ष कुछ महीने से बिलासपुर में रहकर ट्रैक्टर चलाने का काम कर रहा था।पंजाब नेशनल बैंक बरेला में उसका खाता था,जिसमें कुछ पैसे के कटने की जानकारी लेने वह अपने मालिक के साथ शुक्रवार को पीएनबी बरेला आया था। दोपहर साढ़े तीन बजे के आसपास जब वह बैंक से निकल रहा था।उसी समय पांच लोग कार से आए और राजकुमार को बलपूर्वक अपने साथ बैठा कर ले गए।ट्रैक्टर मालिक घबराकर बिलासपुर वापस आ गया और राजकुमार के परिजनों को कॉल करके उसके बेटे के अपहरण होने की जानकारी दी।ट्रैक्टर मालिक ने राजकुमार के पिता बेनी राम को बताया कि पांच गुंडे उसके बेटे को अपहरण कर कार से ले गए है।अपने बेटे के अपहरण की जानकारी मिलते ही बेनीराम जरहागांव थाने पहुंचा।जब उसने अपने बेटे के अपहरण हो जाने की बात बताई तो वहां ड्यूटी में उपस्थित हवलदार ने तुम्हे ठीक से जानकारी नहीं कहते हुए भगा दिया।जब वे लोग थाने से वापस घर आए तो राजकुमार घर के तख़त में दर्द से कराहते और उल्टी करते हुए मिला। अपहरणकर्ता राजकुमार के साथ निर्दयता के साथ मारपीट कर उसके घर के सामने छोड़कर चले गए थे ,जिसे राजकुमार का भाई जलेश्वर अंदर लेकर गया था।बेनीराम राजकुमार को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तखतपुर गए। सीएचसी में डॉक्टरों ने जांच करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

READ MORE:  15 एकड़ का पैरावट जलकर हुआ खाक,

किसने क्या बताया

मृतक की माता पिता ने बताया

मृतक राजकुमार की मां और उसके पिता बेनी राम ने बरेला के ही एक व्यक्ति के ऊपर आशंका जाहिर की है।उन्होंने बताया है कि उक्त व्यक्ति वर्षों से हम लोगों को हमारा मकान बेचने का दबाव बना रहा था।लेकिन हम लोग मकान नहीं बेचना चाह रहे थे।जब हमने मकान नहीं बेचना तो उन्होंने 10 महीने पूर्व मेरे बेटे के ऊपर अपनी 7 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म करने की कोशिश का आरोप लगाया था। मगर थाने में शिकायत दर्ज नहीं किया था।इसके बाद उक्त व्यक्ति का लड़का एक महिला और अपने साथियों के साथ मृतक को ढूंढने के लिए हमारे के सभी रिश्तेदारों के यहां गए थे।मेरा लड़का बिलासपुर में ट्रैक्टर चलाता था।आज वह अपने ट्रैक्टर मालिक के साथ बिलासपुर से पंजाब बैंक आया था।जब तीन बजे के आसपास वह अपने मालिक के साथ बैंक से निकल रहा था तो पांच लोग उसे बलपूर्वक उठाकर अपने साथ कार से ले गए। वे लोग धमकी दे रहे थे कि तुम्हारे बेटे को मार देंगे ।और आज अपहरण कर मार डाला।परिजनों ने पांच लड़कों और एक महिला पर आशंका जाहिर की है।

डॉक्टर सुनील हंसराज ने बताया कि एक 21 साल के युवक राजकुमार पिता बेनीराम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था।उसके शरीर पर बेरहमी से मारपीट किए जाने के निशान है।जांच में युवक की मौत स्वास्थ्य केंद्र आने से पहले हो जाना पाया गया। है।प्राथमिक रूप से मौत का कारण मारपीट से होना ही लग रहा है।सही जानकारी पीएम के बाद ही हो पाएगा।

READ MORE:  फारेस्ट रेंजर ने सरपंच पर मारपीट का आरोप लगाते दर्ज कराया एफआईआर

विवेक पाण्डेय थाना प्रभारी तखतपुर ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से एक मेमो प्राप्त हुआ था कि एक युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया है,जिसकी मौत हो चुकी है।प्रथम दृष्टया मारपीट करके हत्या किया जाना लग रहा है।पीठ पर मारपीट के निशान है।सही जानकारी पोस्टमार्टम के बाद ही पता चल पाएगा।शव का पंचनामा कर मर्चुरी में रखवा दिया गया है।