होटल रेयांश गोल्ड में मक्खियों का डेरा, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा की हो रही अनदेखी।

बिलासपुर

राजीव दुबे

बिलासपुर जिले के तखतपुर के जरेली स्थित होटल रेयांश गोल्ड में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता को घोर अनदेखी की जा रही है । यहां सर्विंग टेबल पर मक्खियों का डेरा है और सर्विंग पर्सन से भी नियमों का पालन नहीं कराया जा रहा है।होटल में मक्खियों के डिनर टेबल पर मंडराने का एक वीडियो वायरल हो रहा है। खाद्य सुरक्षा आधिकारी से डिनर पर गए परिवार के एक सदस्य ने शिकायत कर कार्यवाही की मांग की है।वही खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने मामले की जांच कर होटल के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की बात कही है।

होटल रेयांश गोल्ड द्वारा ग्राहकों की सेहत के साथ खिलवाड़ का एक वीडियो वायरल हो रहा है , जहां स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों को पूरी तरह ताक पर रख दिया गया है। तेजी से वायरल हो रहे होटल रेयांश गोल्ड के वीडियो में टेबल पर रखे खाने और सॉस की बोतलों पर मक्खियों को मंडराते हुए साफ देखा जा सकता है।इतना ही नहीं, वीडियो में यह भी साफ नजर आ रहा है कि होटल का जो सर्विस स्टाफ (सर्विंग बॉयज) ग्राहकों को खाना परोस रहा है, उन्होंने न तो हाथों में ग्लव्स (दस्ताने) पहने हैं और न ही सिर पर कोई सेफ्टी कैप (हेडगियर) है। इस तरह की भारी लापरवाही सीधे तौर पर ग्राहकों को गंभीर बीमारियों की ओर धकेलने जैसी है।परिवार के साथ खाना खाने रेयांश गोल्ड गए लोहर्सी निवासी संदीप तिवारी ने बताया कि मेरे बेटे का जन्मदिन था इसलिए अपने साढू भैया और साले के परिवार को साथ लेकर रेयांश गोल्ड में खाना खाने गए थे।लेकिन जैसी अपेक्षा के साथ गए थे उसका उलटा निकला ।वहां टेबल पर मक्खियां थी ।हम चाहते तो वापस आ सकते थे लेकिन कोई दूसरा होटल नहीं होने के कारण मजबूरी के वहां बैठकर खाना खाना पड़ा ।होटल स्टाफ से इस विषय में बात करने पर कोई संतुष्टि पूर्ण जवाब नहीं दिया गया।मैं इस घटना की शिकायत खाद्य सुरक्षा अधिकारी और FSSAI के पोर्टल में वीडियो डालकर करूंगा ।

READ MORE:  नगर सरकार टिकी वार्ड 15 के रिजल्ट और निर्दलीय के रुख पर

वही इस पूरे मामले पर अब तक होटल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। देखना यह होगा कि प्रशासन इस वीडियो का संज्ञान लेकर कब तक होटल पर कड़ी कार्यवाही करता है।

मक्खियां बनीं ‘स्पेशल गेस्ट’, सॉस की बोतल पर कब्जा

लोग साफ-सुथरा और स्वच्छ माहौल में भोजन की आस में होटल जाते है। लेकिन होटल रेयांश गोल्ड में नजारा इसके बिल्कुल विपरीत था। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि ग्राहकों के सामने सजी सर्विंग टेबल पर मक्खियां भिनभिना रही हैं। हद तो तब हो गई जब टेबल पर रखी सॉस की बोतल के नोजल (ऊपरी हिस्से) पर ही मक्खी बैठी हुई थी, जिससे होकर सॉस सीधे खाने में जाता है। इसके अलावा खुले पड़े खानों पर भी मक्खियां बैठ रही थीं, जिससे वहां मौजूद ग्राहकों को असुविधा होने के साथ मक्खियों की परेशानी को भी झेलना पड़ रहा था।

सर्विस स्टाफ की लापरवाही: नियमों की सरेआम अनदेखी

खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुसार इस उद्योग में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए सख्त नियम हैं कि खाना बनाते और परोसते समय हाइजीन का पूरा ध्यान रखा जाए। कर्मचारियों के बाल खाने में न गिरें, इसके लिए हेडकैप और हाथों के जरिए बैक्टीरिया न फैलें, इसके लिए ग्लव्स अनिवार्य हैं। लेकिन होटल रेयांश गोल्ड के कर्मचारियों ने इनमें से किसी भी नियम का पालन नहीं किया था।

क्या है कानूनी प्रावधान

इस मामले में होटल प्रबंधन की लापरवाही न केवल खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के रूप से गलत है, बल्कि यह देश के कानून के तहत एक दंडनीय अपराध भी है। कानूनी विशेषज्ञों के अनुसार, होटल रेयांश गोल्ड का यह कृत्य खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 का सीधा उल्लंघन है। भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) के नियमों के अनुसार, किसी भी कमर्शियल किचन या डाइनिंग एरिया में कीड़े-मकोड़े या मक्खियों का होना ‘अस्वच्छ स्थिति’ की श्रेणी में आता है। इसके साथ ही, सर्विंग स्टाफ के लिए पर्सनल हाइजीन (कैप और ग्लव्स) अनिवार्य है।यदि कोई भी फूड बिजनेस ऑपरेटर (FBO) अस्वच्छ या अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में भोजन तैयार करता है या परोसता है, तो उस पर 1 लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।यदि मक्खियों या गंदगी के कारण खाना दूषित पाया जाता है, तो इसके लिए भारी जुर्माने का प्रावधान है।यदि मामला सही पाया जाता है तो FSSAI के पास होटल का लाइसेंस तुरंत निलंबित (Suspend) या रद्द (Cancel) करने का पूरा अधिकार है।

READ MORE:  विधायक श्रीमती रश्मि सिंह के निर्देश पर अरपा भैंसाझार से छोड़ा गया पानी,क्षेत्र के कई गांवों के 50 तालाब भरे