जिला स्तरीय कार्यक्रम में बड़ी लापरवाही,छत्तीसगढ़ महतारी की फोटो से जुड़े गाइडलाइन का पालन करना भूले अधिकारी

बिलासपुर

राकेश मिश्रा

छत्तीसगढ़ शासन द्वारा मनाए जा रहे सुशासन सप्ताह के तहत सांसद आदर्श ग्राम ,ग्राम पंचायत छतौना में आयोजित जिला स्तरीय सुशासन शिविर प्रशासनिक लापरवाही का आयोजन बनकर रह गया।जिले भर के आला अधिकारियों और नेताओं की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ महतारी की भारी उपेक्षा देखने को मिला।साथ ही जिला स्तर के कार्यक्रम के हिसाब से लोगो की उपस्थिति नहीं होने से कार्यक्रम के प्रचार प्रसार पर अधिकारियों की गंभीरता की भी पोल खुल गई।वही जवाबदारी अधिकारी अपनी लापरवाही को लेकर जवाब देने से बचते दिखाई दिए।

तखतपुर क्षेत्र के सांसद आदर्श ग्राम छतौना में सुशासन सप्ताह के तहत जिला स्तरीय सुशासन शिविर का आयोजन किया गया।आयोजन में कॉलेक्टर संजय कुमार अग्रवाल और जिला पंचायत सीईओ संदीप कुमार अग्रवाल के साथ जिले के सभी विभागों के अधिकारी कर्मचारी और जिले और क्षेत्र के जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे।लेकिन सबकी उपस्थिति के बीच आयोजन करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की बड़ी लापरवाही के चलते छत्तीसगढ़ शासन के आयोजन में ही छत्तीसगढ़ महतारी की घोर उपेक्षा हो गई।आयोजन स्थल में छत्तीसगढ़ महतारी की छाया चित्र नहीं लगाया गया और न ही छत्तीसगढ़ का राजकीय गीत गाया गया।इस तरह छत्तीसगढ़ शासन के आयोजन में ही छत्तीसगढ़ महतारी से संबंधित नियमों का उल्लंघन करते हुए छत्तीसगढ़ महतारी की उपेक्षा कर दी गई।बड़े नेताओं के बड़े बड़े पोस्टर और कट आउट छपवाकर मंच के पीछे और कार्यक्रम स्थल पर लगाना नहीं भूलने वाले अधिकारी ,छत्तीसगढ़ राज्य शासन के आयोजन में ही छत्तीसगढ़ महतारी की फोटो लगाना और उसकी आरती पूजा कर राजकीय गीत नहीं गाने की लापरवाही करने से नहीं चुके।

READ MORE:  आधी रात लगी आग में किराना दुकान राख, बाल बाल बचा परिवार

जब इस बात को जानकारी जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी को दी गई तो उनका कहना था कि छत्तीसगढ़ महतारी हमारी अस्मिता और पहचान है।उनका सम्मान होना ही चाहिए ।कार्यक्रम स्थल पर छत्तीसगढ़ महतारी का फोटो नहीं लगाया जाना बड़ी लापरवाही है। जिला पंचायत सभापति अंबिका साहू ने इस मामले में कहा कि वैसे तो छत्तीसगढ़ महतारी हमारे मन और चिंतन में हमेशा रहती है।लेकिन छत्तीसगढ़ महतारी के सम्मान और आमजन के बीच हमारी सांस्कृतिक पहचान को दिखाने के लिए कार्यक्रम के छत्तीसगढ़ महतारी की फोटो लगाया जाना चाहिए था।यदि ऐसा नहीं किया गया है तो यह बड़ी लापरवाही और छत्तीसगढ़ महतारी का अपमान है। छतौना सरपंच राधिका कौशिक ने कहा कि छत्तीसगढ़ हमारी माता है और वह हमारे मन और संस्कार में है।इसलिए हमारा हर एक कार्य छत्तीसगढ़ महतारी के सम्मान के लिए ही है।उनकी फोटो नहीं लगाया जाना आयोजन की तैयारी में हुई एकं मानवीय चूक कहा जा सकता है।

वही जिम्मेदार अधिकारी इस लापरवाही पर जवाब देने से बचते रहे।जनपद पंचायत सीईओ सत्यव्रत तिवारी ने वक्तव्य देने के लिए अधिकृत नहीं होने का हवाला देकर पल्ला झाड़ लिया।तो दूसरी ओर एसडीएम नितिन तिवारी को उनके मोबाइल नंबर पर संपर्क कर प्रशासन का पक्ष जानने की कोशिश की गई मगर उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।

क्या है छत्तीसगढ़ महतारी की फोटो से जुड़ा नियम
छत्तीसगढ़ सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा 30 जून 2022 को जारी राज्य सरकार के आदेश के अनुसार, अब छत्तीसगढ़ के सभी शासकीय कार्यक्रमों (जैसे लोकार्पण, भूमिपूजन, पुरस्कार वितरण आदि) में छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र को अनिवार्य रूप से प्रदर्शित किया जाना है। कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा-अर्चना और राज्य गीत ‘अरपा पैरी के धार’ से की जाती है। जिला स्तरीय जैसे बड़े कार्यक्रम में नेताओं के फोटो लगाए गए मगर न तो छत्तीसगढ़ महतारी की फोटो लगाकर पूजा अर्चना की गई और न ही राजकीय गीत गाया गया।

READ MORE:  नगर कांग्रेस कमिटी ने पेट्रोल डीजल के दाम के साथ बढ़ती महंगाई पर जताया विरोध

सुशासन सप्ताह के तहत आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में सभी विभागों के स्टाल लगाए गए जहां संबंधित विभागों से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी गई।साथ ही विभाग से जुड़ी आमजनता की समस्याओं का निराकरण किया गया।कलेक्टर संजय कुमार अग्रवाल ने सभी स्टालों का निरीक्षण किया ।साथ ही पंचायत
परिसर में बनाए गए नवीन अटल सीएससी भवन का लोकार्पण किया गया।इस अवसर पर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने लोगो को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यक्रम के द्वारा आपकी समस्याओं को सुना और समझा जा रहा है ।इसी के साथ साथ उनका यथा संभव त्वरित निराकरण किया जा रहा है।उन्होंने लोगो से अपील करते हुए कहा कि गर्मी आ रही है।भूजल का कम से कम दोहन करे।गर्मी में धान की फसल न लगाए उसके स्थान पर दलहन और तिलहन की फसल ले इससे जमीन की उर्वरा शक्ति बढ़ेगी और लाखों लीटर पानी की बचत होगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी ने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से अधिकारी एक ही स्थान पर इकठ्ठा हुए हैं।सभी विभाग की योजनाओं की जानकारी लेकर आप अपनी आवश्यकता के अनुसार शासन का सहयोग प्राप्त कर सकते है।जनपद अध्यक्ष माधवी वस्त्रकार ने कहा कि छत्तीसगढ़ महतारी के निर्माण में भाजपा ने प्रमुख भूमिका निभाई है और अब उसकी जनता की समस्याओं के समाधान के लिए भी भाजपा प्रतिबद्ध है।इसलिए ही आप सबके बीच शासन के सभी अधिकारी आपके दरवाजे तक जाकर आपकी समस्याओं को सुन रहे है और आपके आवेदनों को लेकर उनका शीघ्र निराकरण करने का प्रयास कर रहे है।

READ MORE:  शासकीयकरण की मांग को लेकर पंचायत सचिवों ने दिया एक दिवसीय धरना।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से जिला पंचायत सीईओ संदीप कुमार अग्रवाल, जिला पंचाया सभापति अंबिका विनोद साहू,भारती माली, जनपद उपाध्यक्ष राकेश तिवारी,मनहरण कौशिक, रंजना कौशिक, राधिका कौशिक, संतोष कश्यप, योगेश साहू, सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि अधिकारी कर्मचारी और ग्रामीण उपस्थित थे।

देखें वीडियो