बिलासपुर
राकेश मिश्रा
बिलासपुर जिले के सकरी थाना क्षेत्र में एक युवक की आत्महत्या के मामले की जांच में साइबर ठगी का चकित करने मामला सामने आया है। इस विचित्र और दर्दनाक कांड में ठगों के जाल में फंसे मानसिक रूप से परेशान एक युवक ने आत्महत्या कर ली। मामले का खुलासा लगभग ढाई साल बाद हुआ है।लंबे समय तक चली जांच के बाद अब साइबर ठगी के साथ ही आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जुलाई 2023 में सकरी निवासी कामेश्वर निर्मलकर ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली थी।उसकी मर्ग की जांच के दौरान सकरी पुलिस को इस विचित्र साइबर ठगी की जानकारी हुई और पुलिस अज्ञात ठगो के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर उनकी तलाश कर रहीं है।पूरा घटनाक्रम कुछ इस तरह से हुआ कि युवक कामेश्वर को कहीं से मिले एक एटीएम कार्ड में लिखे मोबाइल नंबर पर कॉल करने पर फोन उठाने वाले व्यक्ति ने उसे एक अजीब और गलत प्रस्ताव देकर अपने जाल में फंसा लिया। ठगों ने युवक को एक युवती को गर्भवती करने का वासना भरा प्रस्ताव दिया और इसके बदले उसे बड़ी रकम देने का भी वादा किया गया।युवक उनके झांसे में आ गया ।लेकिन ठगो ने इस रकम को पाने के लिए युवकों को बैंक में नया खाता खुलवाकर उसकी सारी जानकारी उन्हें साझा करने की शर्त रखी । ठगों की बातों में आकर युवक ने पहले पंजाब नेशनल बैंक और फिर केनरा बैंक में खाता खुलवाया और दोनों खातों की जानकारी उन्हें भेज दी। इसके कुछ ही दिनों बाद इन खातों में बड़ी मात्रा में पैसों का लेनदेन होने लगा और रकम तुरंत दूसरे खातों में ट्रांसफर की जाने लगी। जब बैंक अधिकारियों को खाते में लगातार बड़ी लेने देन होते दिखा ।उन्होंने इसे संदिग्ध मानकर खातों में संदिग्ध लेनदेन की जानकारी युवक से लेने के लिए उसे बैंक बुलाया। उन्होंने युवक को बैंक बुलाकर पूछताछ की तब युवक को पता चला कि उसके बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर अपराध और पैसों के अवैध लेनदेन के लिए किया जा रहा है।
यह जानकारी मिलते ही युवक गहरे मानसिक तनाव में आ गया। समाज में बदनामी और कानूनी कार्रवाई के डर से वह पूरी तरह टूट गया। युवक इस मानसिक तनाव को सहन नहीं कर सका और चार दिन बाद रेलवे ट्रैक पर जाकर ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली थी।उसने अपने सुसाइड नोट में अपने साथ हुई ठगी के इस अजीबो गरीब प्रक्रिया का उल्लेख किया था।घटना के बाद से पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही थी। अब पर्याप्त सबूत मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ साइबर ठगी और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर ठगो की तलाश में जुट गई है।
राजेंद्र जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, बिलासपुर ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और साइबर ठगी में शामिल आरोपियों की पहचान की जा रही है।